New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली उत्पादों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली बेयरिंग तैयार करने वाली दो कार्यशालाओं का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 5,067 नकली बेयरिंग, चार स्टैम्पिंग मशीनें, एक पैकिंग मशीन तथा भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सस्ते और आयातित बेयरिंग खरीदकर उन पर प्रतिष्ठित कंपनियों एचसीएच और एनबीसी के ट्रेडमार्क उकेरते थे और उन्हें असली उत्पाद बताकर बाजार में बेचते थे।
क्राइम ब्रांच को 16 मई को सूचना मिली थी कि पुरानी दिल्ली के फराश खाना इलाके में कुछ कार्यशालाओं में नकली ब्रांडिंग का काम चल रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान मीर मदारी गली स्थित दो कार्यशालाओं में बड़े पैमाने पर फर्जी गतिविधियां सामने आईं। पहली कार्यशाला से एचसीएच ब्रांड नाम से चिह्नित 4,959 नकली बेयरिंग, तीन स्टैम्पिंग मशीन, एक पैकिंग मशीन और पैकिंग सामग्री बरामद हुई। दूसरी कार्यशाला से एनबीसी ब्रांड के नाम पर तैयार किए गए 108 नकली बेयरिंग और एक स्टैम्पिंग मशीन बरामद की गई।
मामले में पुलिस ने आमिर खान (50) और मोहम्मद अनस (40) को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि आमिर खान पहले भी इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुका है, जबकि मोहम्मद अनस के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
New Delhi news

