युवा इनोवेटरों की सोच से हाईटेक होगी दिल्ली पुलिस

समर इंटर्नशिप में 16 छात्रों ने तैयार किए एआई आधारित नागरिक केंद्रित तकनीकी समाधान

New Delhi news  दिल्ली पुलिस ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में समर इंटर्नशिप कार्यक्रम-2026 के तहत तकनीकी समाधान विकसित करने वाले 16 युवा नवोन्मेषकों को सम्मानित किया। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, आईपीएस ने छात्रों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए।

8 जून से शुरू हुए कार्यक्रम के लिए देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों से 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन के बाद आईआईटी दिल्ली, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, जामिया हमदर्द और गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न संस्थानों के 16 छात्रों को चुना गया।
दिल्ली पुलिस की तकनीकी एवं परियोजना कार्यान्वयन शाखा के अधिकारियों के मार्गदर्शन में छात्रों ने चार कार्यशील तकनीकी समाधान विकसित किए। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधान भी शामिल हैं, जो प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने, आंतरिक प्रक्रियाओं को सुगम करने और नागरिक सेवाओं को मजबूत करने में मदद करेंगे।
पुलिस आयुक्त ने छात्रों के नवाचार, तकनीकी दक्षता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में शिक्षण संस्थानों और पुलिस के बीच सहयोग महत्वपूर्ण है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस पहल से युवा प्रतिभाओं को वास्तविक पुलिसिंग चुनौतियों को समझने का अवसर मिला है और उनके विकसित समाधान पुलिस के आधुनिकीकरण एवं डिजिटल परिवर्तन में उपयोगी साबित होंगे।

New Delhi news

यहां से शेयर करें