छह साल से फरार ‘अंगूठा काटने’ वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की नारकोटिक्स एंड ड्रग्स रेड यूनिट ने छह साल पुराने एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव भगत को बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर वर्ष 2020 में एक इवेंट मैनेजर को पार्टी बुकिंग के बहाने बुलाकर बंधक बनाने, लूटपाट करने और उसके दोनों अंगूठे काटने का आरोप है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2020 को इवेंट मैनेजर सुरिंदर नंदा को एक बड़ी पार्टी बुकिंग के संबंध में फोन आया था। व्यस्तता के चलते उन्होंने अपने मैनेजर कपिल चड्ढा को मुलाकात के लिए भेजा। बाद में आरोपियों ने सुरिंदर नंदा को स्वयं आने के लिए कहा। रात करीब आठ बजे वह अपने चालक के साथ द्वारका सेक्टर-23 पहुंचे, जहां उन्हें एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया।
वहां पहुंचने पर सुरिंदर नंदा ने अपने पुराने सब्जी सप्लायर ब्रह्मदेव भगत को तीन अन्य लोगों के साथ मौजूद पाया। आरोप है कि आरोपियों ने डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। चाकू की नोक पर उनसे हीरे की अंगूठी और पर्स में रखे 27 हजार रुपये लूट लिए गए। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर कथित 11 लाख रुपये के भुगतान संबंधी दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव भगत ने चाकू से सुरिंदर नंदा के दोनों अंगूठे काट दिए। घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित अस्पताल पहुंचा, जहां पुलिस को सूचना दी गई और मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान तीन आरोपी — जितेंद्र, अमरदीप और गौतम — पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, लेकिन मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव भगत लगातार फरार था। क्राइम ब्रांच ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर बिहार के पूर्णिया में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल उससे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें