इंदिरापुरम के हाई-राइज़ टॉवर में लगी आग ने एक बार फिर उठाए बहुमंजिला इमारतों की अग्नि सुरक्षा पर गंभीर सवाल
दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख आवासीय क्षेत्र इंदिरापुरम में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अहिंसा खंड-1 स्थित शिप्रा सृष्टि सोसायटी जो वैभव खंड, इंदिरापुरम में स्थित एक प्रीमियम आवासीय परिसर है की 14वीं मंजिल पर अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
कैसे लगी आग?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में फ्लैट के एक कमरे से धुआं उठता दिखा, जो कुछ ही मिनटों में भयावह लपटों में बदल गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। ऊंची मंजिल पर आग होने के कारण धुआं आसपास के फ्लैट्स में भी फैल गया, जिससे पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को अन्य फ्लैट्स तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सोसायटी के अन्य फ्लैट्स को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भी इलाके को घेरकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। 15वीं मंजिल पर आग होने के कारण दमकल कर्मियों को पानी पहुंचाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हाई-राइज़ बिल्डिंग में इतनी ऊंचाई तक दमकल के उपकरणों की पहुंच सीमित होने से बचाव कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया।
सोसायटी में दहशत का माहौल
आग की खबर सुनते ही सोसायटी के सैकड़ों निवासी अपने-अपने फ्लैट छोड़कर नीचे उतर आए। महिलाएं और बच्चे डर के मारे रोते-बिलखते नजर आए। लोगों ने बताया कि जब आग की लपटें और धुआं देखा तो उनके होश उड़ गए। कई निवासियों ने बताया कि इतनी ऊंची मंजिल पर आग लगने से पूरी बिल्डिंग में दहशत फैल गई थी।
बढ़ती घटनाओं पर चिंता
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब गाजियाबाद में पिछले कुछ दिनों से आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इंदिरापुरम में भीषण आग ने करीब 150 झुग्गियों को अपनी चपेट में लिया था, वहीं गौर ग्रीन सोसायटी में लगी आग से 6 फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गए और करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
अग्नि सुरक्षा पर उठे सवाल
गाजियाबाद में एक मई से विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया गया था, जिसके तहत सोसायटी, मॉल और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई और कमियों पर नोटिस जारी किए गए। इसके बावजूद एक के बाद एक बड़े आवासीय परिसरों में आग की घटनाएं यह साबित करती हैं कि जमीनी स्तर पर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा। स्थानीय निवासियों और विशेषज्ञों ने मांग की है कि हाई-राइज़ इमारतों में अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच हो, निकासी मार्ग हमेशा खुले रखे जाएं और दमकल विभाग के पास ऊंची इमारतों के लिए आधुनिक एलिवेटेड उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पुलिस व दमकल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

