New Delhi news दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 358 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में फरार आरोपी प्रभदीप सिंह उर्फ हैरी को अजरबैजान के बाकू से भारत वापस लाया है। यह कार्रवाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समन्वय से की गई। आरोपी वर्ष 2023 में भारत छोड़कर फरार हो गया था।
स्पेशल सेल एनडीआर की तीन सदस्यीय टीम, जिसमें एसीपी विवेक त्यागी, इंस्पेक्टर संजय गुप्ता और सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार शामिल थे, आरोपी को भारत लेकर आई। आरोपी के खिलाफ थाना स्पेशल सेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
जांच में सामने आया कि प्रभदीप सिंह विदेश में बैठे ड्रग तस्कर नवप्रीत सिंह उर्फ नव के भारत स्थित नेटवर्क को संचालित करता था। वह गिरफ्तार आरोपियों गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह तक निर्देश पहुंचाने, नशे की खेप की निगरानी करने और अन्य सहयोगियों से संपर्क बनाए रखने का काम करता था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
दरअसल, वर्ष 2021 में स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि रिजवान अहमद उर्फ रिजवान कश्मीरी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में ड्रग तस्करी में सक्रिय है। पांच जुलाई 2021 को उसे दक्षिण दिल्ली के घिटोरनी इलाके से एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में पता चला कि वह अफगानिस्तान में बैठे अफगान नागरिक ईशा खान के निर्देश पर काम करता था। उसकी निशानदेही पर फरीदाबाद से गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से हुंडई वर्ना कार से 166 किलो, होंडा अमेज कार से 115 किलो तथा किराए के मकान से 70 किलो हेरोइन और साइकोट्रॉपिक पदार्थ बरामद किए गए।
इसके अलावा गुरुग्राम से अफगान नागरिक हजरत अली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो किलो हेरोइन और करीब 100 किलो रसायन बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल मादक पदार्थ तैयार करने में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और सभी के खिलाफ अदालत में ट्रायल जारी है।
New Delhi news
अजरबैजान से भारत लाया गया 358 किलो हेरोइन तस्करी का फरार आरोपी

