हत्या के प्रयास मामले में वांछित बदमाश गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगठित और हिंसक अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमित के रूप में हुई है, जो दिल्ली और एनसीआर में दर्ज दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को क्राइम ब्रांच की आर.के. पुरम इकाई ने गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई निरीक्षक रामपाल के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक हेमंत कुमार, सहायक उप निरीक्षक सिद्धार्थ, सहायक उप निरीक्षक संजय, सहायक उप निरीक्षक अंकित, सहायक उप निरीक्षक अमित गुलिया, मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र और मुख्य आरक्षी आशीष की टीम ने की। कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त उमेश बर्थवाल की निगरानी में की गई।
खाने की रेहड़ी संचालक पर हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक, 30 जनवरी 2026 को पश्चिम पुरी इलाके में दीपक नामक युवक अपनी खाने की रेहड़ी पर मौजूद था। रात करीब 9:15 बजे कुछ हमलावर पीछे से आए और धारदार हथियार से उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद पंजाबी बाग थाने में एफआईआर संख्या 41/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी अमित इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। मामले में पहले ही करण, विशाल और बिरजू नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अमित फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी हास्तसाल इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी घटना के बाद उत्तम नगर इलाके में छिपकर रह रहा था।
2008 से अपराध की दुनिया में सक्रिय
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले का रहने वाला है और पहले मादीपुर, दिल्ली में रहता था। उसने 10वीं तक पढ़ाई की है और बाद में इलाके के कुख्यात अपराधियों के संपर्क में आ गया।
जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात कुख्यात गैंगस्टर नीतू डाबोदिया से हुई, जिसके बाद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। आरोपी विजय विहार थाने का घोषित बदमाश (बीसी) भी है।
हत्या के प्रयास, लूट, स्नैचिंग और चोरी समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 26 से अधिक मामले दर्ज हैं।

New Delhi news

यहां से शेयर करें