नशे के खिलाफ लड़ाई समाज की सामूहिक जिम्मेदारी: त्यागी

New Delhi news  दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जब तक आम नागरिक, अभिभावक, शिक्षक और युवा मिलकर इस समस्या के खिलाफ खड़े नहीं होंगे, तब तक इसे जड़ से खत्म करना मुश्किल होगा।
उन्होंने दिल्ली पुलिस के नशानॉट कूल जागरूकता अभियान को संबोधित करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के एंटी ड्रग्स जागरूकता अभियान नशानॉट कूल को युवाओं का जोरदार समर्थन मिल रहा है। अभियान के छठे दिन राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के जरिए दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों में कई जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
दिल्ली पुलिस की इस पहल के तहत एनएसएस वॉलंटियर्स ने कॉलेज परिसरों में गतिविधियों, संवाद कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों के जरिए छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
वॉलंटियर्स सोशल मीडिया पर भी इस अभियान को व्यापक बना रहे हैं। अभियान के समर्पित हैशटैग के साथ वे अपनी गतिविधियों की तस्वीरें, वीडियो और जागरूकता संदेश साझा कर रहे हैं, जिससे यह मुहिम डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी तेजी से फैल रही है। एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक शरवन राम के सक्रिय सहयोग से दिल्ली पुलिस ने अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई एनएसएस वॉलंटियर्स बाबू राव रत्नेश, गोपी कुमार, हारून, याशिका शर्मा, शिफा रिजवी, सुदर्शन कुमार, अनिकेत राज, सबाह निजामी, शहरान खान, आमिर खान, अदिति सिंह और अन्य स्वयंसेवक को सम्मानित करने की घोषणा की है।
शहरवासी भी पुलिस की मुहिम में करें सहयोग
दिल्ली पुलिस ने राजधानीवासियों से अपील की है कि वे इस मुहिम में सहयोग करें और युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

New Delhi news

यहां से शेयर करें