नोएडा: डीएलएफ मॉल के ‘कैरटलेन स्टोर’ में लाखों की चोरी का खुलासा, मां-बेटी गिरफ्तार

नोएडा: थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया स्थित ‘कैरटलेन स्टोर’ (CaratLane Store) में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो आपस में मां-बेटी बताई जा रही हैं। उनके पास से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है।

क्या था मामला?

बीती 23 अप्रैल 2026 को मॉल ऑफ इंडिया के कैरटलेन स्टोर के मैनेजर ने थाना सेक्टर-20 में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि स्टोर से कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज जैसे तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का पीछा किया। बुधवार, 29 अप्रैल को पुलिस ने घेराबंदी कर डीएलएफ मॉल के पास से दोनों महिलाओं को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  1. रिद्धि उर्फ रचना (30 वर्ष): पुत्री शिवप्रसाद, निवासी महेंद्र पार्क, दिल्ली।
  2. सरिता गौतम (56 वर्ष): पत्नी शिव प्रसाद, निवासी महेंद्र पार्क, दिल्ली।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • 02 पीली धातु की चूड़ियां।
  • 01 पीली व सफेद धातु की चूड़ी।
  • 04 ब्रेसलेट (पीली व सफेद धातु)।
  • 03 अंगूठियां (पीली व सफेद धातु)।
  • घटना में प्रयुक्त वाहन: एक हुंडई आई-10 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL6CR7363)।

पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार की गई महिलाओं का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनके खिलाफ दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन और जनकपुरी थाने में पहले से ही चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में इनके खिलाफ थाना सेक्टर-20 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यहां से शेयर करें