रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सख्ती

New Delhi news  सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर 16 मई को विशेष अभियान चलाया। यह अभियान शाम 4 बजे से 6 बजे तक विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर संयुक्त जांच पिकेट लगाकर संचालित किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना था, क्योंकि रॉन्ग साइड ड्राइविंग सड़क दुर्घटनाओं और यातायात जाम की बड़ी वजह बन रही है। जांच के दौरान ऐसे वाहन चालकों को रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शराब पीकर वाहन चलाने, खतरनाक ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने, वाहनों पर काली फिल्म लगाने और गलत पार्किंग जैसे उल्लंघनों पर भी नजर रखी।
इस विशेष अभियान में कुल 2,846 चालान जारी किए गए, जिनमें से 757 चालान केवल रॉन्ग साइड ड्राइविंग के मामलों में काटे गए। वहीं, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले 32 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 281 बीएनएस और धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं अनुशासित सड़क व्यवस्था बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें