मुआवजे के खेल में खुद को मारी गोली!

New Delhi news उत्तर जिला पुलिस और एएटीएस (आॅपरेशन सेल) की संयुक्त टीम ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए शिकायतकर्ता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरूआती जांच में जिस मामले को बाहरी हमलावर द्वारा गोली मारने की वारदात माना जा रहा था, वह पुलिस जांच में एक सुनियोजित साजिश निकला। आरोपियों ने किराये के मकान को लेकर चल रहे विवाद में मकान मालिक पर दबाव बनाकर मोटी रकम वसूलने के इरादे से पूरी कहानी रची थी।
पुलिस के अनुसार, 10 मई की रात चांदनी चौक के कूचा बुलाकी बेगम निवासी अविनाश कुमार ने शिकायत दी थी कि उसके किराये के मकान में एक अज्ञात व्यक्ति घुसा और पिस्टल दिखाकर 2-3 राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली उसकी जांघ में लगी। घायल को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटनास्थल से पुलिस को खून के निशान और दो खाली कारतूस भी मिले थे, जिसके बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर संजय गुप्ता और इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं, जिसे लगातार ट्रैक करते हुए पुलिस सोनीपत तक पहुंच गई। तकनीकी निगरानी और सोशल मीडिया की मदद से संदिग्ध की पहचान लोकेश दहिया के रूप में हुई, जिसे कुंडली, सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर दीपक कुमार को भी पकड़ा गया और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार जब्त कर ली गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि शिकायतकर्ता अविनाश कुमार ही पूरी साजिश का मास्टरमाइंड है। इसके बाद पुलिस ने अविनाश को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 14 जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि अविनाश चांदनी चौक क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है और जिस मकान में वह किराये पर रह रहा था, उसके मालिक ने उसे मकान खाली करने को कहा था। इसी को लेकर अविनाश ने मकान मालिक पर दबाव बनाने और समझौते के नाम पर बड़ी रकम वसूलने की योजना बनाई। साजिश के तहत उसने अपने साथियों को लालच दिया और खुद अपनी जांघ में गोली मारकर वारदात को हत्या के प्रयास का रूप देने की कोशिश की।
गिरफ्तार आरोपी अविनाश कुमार (42) चांदनी चौक में प्रॉपर्टी डीलर है, जबकि दीपक कुमार (28) सोनीपत में प्रॉपर्टी डीलिंग करता है और लोकेश दहिया (30) किसान है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

New Delhi news

यहां से शेयर करें