New Delhi news दिल्ली पुलिस की आउटर जिला एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने डीटीसी बस में यात्री के बैग से जेवरात और नकदी चोरी करने वाले एक वांछित शातिर को गिरफ्तार कर एक मामले का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय (48), निवासी सुल्तानपुरी के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस के अनुसार, 12 मई को मॉडल टाउन, बहादुरगढ़ निवासी एक व्यक्ति नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से डीटीसी बस के जरिए अपने घर लौट रहा था। मादीपुर के पास कुछ संदिग्ध लोगों ने उसे घेर लिया और बाद में उसके बैग से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ पांच हजार रुपये नकद चोरी होने का पता चला। मामले में पश्चिम विहार वेस्ट थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल को सौंपी गई।
इंस्पेक्टर रितेश राज के नेतृत्व में एएसआई राजेश, हेड कांस्टेबल राजेश, ओमबीर, रमेश और अनुज की टीम का गठन किया गया, जिसकी निगरानी एसीपी आॅपरेशन वीरेंद्र दलाल कर रहे थे। जांच के दौरान पुलिस टीम ने डीटीसी बस के सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला और संदिग्ध की तस्वीरें निकालीं। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
15 मई को टीम को सूचना मिली कि आरोपी सुल्तानपुरी के डी-ब्लॉक इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से चार सोने के झुमके, तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, मोती की चेन सहित एक सोने का लॉकेट और छह चांदी की पायल बरामद की गईं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।
New Delhi news

