महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के गंभीर आरोप लगाए हैं। यह आरोप पार्टी कार्यालय बी-46, सेक्टर-52 में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान लगाए गए। प्रेस वार्ता में प्रवक्ता एवं स्टेट कोआॅर्डिनेटर सोशल मीडिया पवन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा जनता के मुद्दे उठाने या पीड़ित परिवारों से मिलने पर पुलिस द्वारा दमनात्मक कार्रवाई की जाती है और झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी एक दलित पीड़ित परिवार से मिलने से रोका गया और उन पर कथित रूप से झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। महोबा की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि एक दलित छात्रा के साथ गंभीर अपराध हुआ, लेकिन सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के परिवार से मिलने नहीं पहुंचा।
पवन शर्मा ने कहा कि जब अजय राय पीड़िता से मिलने जा रहे थे तो उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, बावजूद इसके वे पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की सह पर भाजपा कार्यकतार्ओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और विरोध दर्ज कराया।
महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है और इसके बावजूद विपक्ष के नेताओं की संपत्ति जांच की मांग की जा रही है। उन्होंने आगरा नगर निगम द्वारा एक निजी बिजली कंपनी का 430 करोड़ रुपये का बिल माफ किए जाने का भी मुद्दा उठाया। प्रेस वार्ता में महानगर महासचिव रामकुमार शर्मा, कार्यालय प्रभारी अरुण प्रधान और सतीश पांचाल उपस्थित रहे।

