ग्रेटर नोएडा वेस्ट। मंगलवार रात एक मूर्ति यूटर्न के पास चलती कार के इंजन में आग लगने से अफरातफरी मच गई। कार के बोनट से अचानक धुआं निकला और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी की जान नहीं गई।
रात 7:45 बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 7:45 बजे एक कार एक मूर्ति यूटर्न के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान बोनट से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में इंजन के पास आग भड़क उठी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल वाहन से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। उन्होंने कार में सवार महिला और उसके बच्चे को भी सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाई। सुरक्षा के मद्देनजर आग बुझाने के दौरान कुछ देर के लिए यातायात रोकना पड़ा।
दशहरा मेले की भीड़ से पहले ही लगा था जाम
दशहरा पर्व पर रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न आयोजन स्थलों पर पहुंचे थे। इसके चलते ईकोटेक-12 से एक मूर्ति गोलचक्कर तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। कार में आग लगने के बाद यातायात कुछ देर रोके जाने से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। रावण दहन देखने जा रहे और मेले से लौट रहे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
यातायात पुलिस ने संभाली व्यवस्था
एसीपी ट्रैफिक पवन कुमार ने बताया कि कार में लगी आग को बुझा दिया गया है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और यातायात को सामान्य कराया।
यह भी पढ़ें: अखिलेश-आजम मुलाकात, ओवैसी की रैली के बाद सपा की रणनीति

