अमरोहा में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन में घुसी कार; चालक समेत चार युवकों की मौत

UP News:

दिल्ली जा रहे थे सभी युवक, दो गंभीर रूप से घायल; तीन मृतकों की पहचान नहीं

UP News: अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चालक समेत चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गजरौला क्षेत्र में हाईवे पर उस समय हुआ, जब दिल्ली की ओर जा रही वैगनआर कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी।

UP News:

हादसे में कार चालक मोहम्मद सलमान (27) निवासी पंखेवालान गेट बमनपुरी, रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार तीन अन्य युवकों की भी जान चली गई, जिनकी पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। दो युवक हसनैन और समेतुल इस्लाम घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, रामपुर निवासी तनवीर ने बताया कि उनका भाई मोहम्मद सलमान टैक्सी के रूप में वैगनआर कार चलाता था। दूसरे प्रदेश से आए पांच युवक दिल्ली जाने की तैयारी में थे, लेकिन ट्रेन छूट जाने के कारण उन्होंने सड़क मार्ग से दिल्ली जाने का निर्णय लिया। इसी दौरान बुधवार सुबह करीब चार बजे गजरौला क्षेत्र में ख्यालीपुर ढाल के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

UP News:

सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में चार युवकों की मौत हुई है। तीन मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

UP News:

यहां से शेयर करें