कार में साथ सफर, डिनर डिप्लोमेसी और टॉफी गिफ्ट ने बटोरी सुर्खियां, सोशल मीडिया पर छाई दोनों नेताओं की केमिस्ट्री
Modi, Meloni : रोम। प्रधानमंत्री Narendra Modi और इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni की मुलाकात ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भारत और इटली की बढ़ती नजदीकियों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। इस बार केवल कूटनीतिक बैठकें ही नहीं, बल्कि दोनों नेताओं के बीच दिखी दोस्ताना केमिस्ट्री, कार में साथ सफर, डिनर डिप्लोमेसी और ‘मेलोडी’ टॉफी वाला अंदाज भी सोशल मीडिया पर छाया रहा।
प्रधानमंत्री मोदी के इटली दौरे के दौरान रोम में दोनों नेताओं की मुलाकात बेहद गर्मजोशी भरे माहौल में हुई। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त।” इसके बाद दोनों नेताओं ने साथ डिनर किया और वैश्विक व द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
Modi, Meloni :
इस मुलाकात की सबसे खास बात तब सामने आई, जब जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी द्वारा दिए गए खास तोहफे का जिक्र किया। मेलोनी ने मजाकिया अंदाज में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए भारत की मशहूर “मेलोडी” टॉफी लेकर आए। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “गिफ्ट के लिए धन्यवाद। प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए बहुत-बहुत अच्छी टॉफी मेलोडी लेकर आए।” सोशल मीडिया पर ‘मोदी- मेलोनी- मेलोडी’ का यह कनेक्शन तेजी से वायरल हो गया। यूजर्स ने दोनों नेताओं की दोस्ती और हल्के-फुल्के अंदाज को भारत-इटली रिश्तों की नई पहचान बताया। राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में भी इस मुलाकात को दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
डिनर मीटिंग के बाद प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी ने रोम के ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध Colosseum का भी दौरा किया। दोनों नेताओं ने कार में साथ सफर किया और ऐतिहासिक धरोहर का अवलोकन किया। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और सांस्कृतिक सहयोग के क्षेत्र में दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और इटली के संबंधों में उल्लेखनीय मजबूती आई है। दोनों देश रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और व्यापार जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मोदी और मेलोनी के बीच मजबूत व्यक्तिगत तालमेल भी दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा रहा है।

