नोएडा: नोएडा पुलिस ने चोरी की बाइक से राह चलते लोगों के मोबाइल फोन झपटने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर-58 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद, चाकू और चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। दोनों ने दिल्ली-एनसीआर में कई मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें कबूल की हैं। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र के अनुसार, 30 अक्टूबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दोनों को जुबिलेंट पार्क के पास पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतुरानन्द पांडेय उर्फ रोनी और जतिन सिंह के रूप में हुई है। चतुरानन्द मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-55 में रह रहा था। वहीं जतिन सिंह गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी का निवासी है।
सेक्टर-56 और 62 से महंगे फोन छीने
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि 5 अक्टूबर को नोएडा में दो मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं की थीं। इसके अलावा सेक्टर-56 से एक आईफोन-15 और सेक्टर-62 से एक सैमसंग गैलेक्सी एस-26 मोबाइल फोन स्नैच किया था। इन घटनाओं के संबंध में सेक्टर-58 थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद किए गए अन्य मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
चोरी की बाइक से वारदात करने निकलते थे
आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलने पर मोबाइल फोन झपटकर फरार हो जाते थे। चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल फोन बेचने के बाद मिलने वाली रकम दोनों आपस में बांट लेते थे और उसे अपने निजी खर्चों व शौक-मौज पर खर्च करते थे। बरामद स्प्लेंडर बाइक भी चोरी की है। बाइक के संबंध में हरियाणा के पानीपत में मुकदमा दर्ज है।
दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार चतुरानन्द पाण्डेय उर्फ रोनी के खिलाफ नोएडा और हरियाणा में चोरी, स्नैचिंग और अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जतिन सिंह के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट, चोरी-स्नैचिंग और अन्य धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। आगे की जांच जारी है।

