डेढ़ करोड़ की हथियारबंद लूट में दो नाबालिग समेत सभी 8 आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  उत्तर जिला पुलिस, स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इंदरलोक के पास हुई 1.50 करोड़ रुपये की सनसनीखेज हथियारबंद लूट का खुलासा करते हुए दो नाबालिगों समेत सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 1 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
10 जून को नितिन और उसका सहयोगी करण स्कूटी पर दो बैगों में करीब 1.50 करोड़ रुपये नकद लेकर जा रहे थे। जखीरा फ्लाईओवर के पास बिना नंबर की लाल पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर नकदी लूट ली और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 4,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हुए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में लगातार छापेमारी की। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के साथ मौजूद करण ही कंपनी का कर्मचारी था, जिसने लालच में आकर नकदी की पूरी जानकारी और लाइव लोकेशन अपने साथियों को दी थी।
पुलिस ने पहले वीरेंद्र उर्फ वीरू, मनप्रीत उर्फ ट्विंकल, करण और चरनजीत सिंह को गिरफ्तार किया। बाद में मुख्य आरोपी विक्की उर्फ गांजा और धीर सिंह को जम्मू से दिल्ली लौटते समय दबोच लिया गया। मामले में दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया, जिन्होंने वारदात में इस्तेमाल बाइक और स्कूटी उपलब्ध कराई थी।
बदमाशों ने लाइव लोकेशन के आधार पर वारदात को दिया था अंजाम
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर लाइव लोकेशन के आधार पर वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद सभी आरोपी तिलक नगर में इकट्ठा हुए और रकम का बंटवारा कर अलग-अलग स्थानों पर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों से 1.01 करोड़ रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी तथा लूट की रकम से खरीदे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें