New Delhi news सड़क सुरक्षा बढ़ाने, यातायात जाम कम करने और नागरिक सहभागिता को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने बीते सप्ताह राजधानी में विशेष संयुक्त अभियान चलाया। जिला पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने सड़कों पर निगरानी रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 12,617 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 1,596 अवैध रेहड़ी-पटरी अतिक्रमण हटाए गए। गंभीर उल्लंघनों के मामलों में 81 वाहनों को जब्त भी किया गया।
रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 15,000 वाहन चालकों का चालान किया गया तथा 110 एफआईआर दर्ज की गईं। इसके अलावा काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ 955 और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ 567 चालान किए गए।
गलत पार्किंग पर सख्ती बरतते हुए 48,472 चालान किए गए और 3,922 वाहनों को सड़कों व सार्वजनिक स्थानों से टो कर हटाया गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने 97 आरडब्ल्यूए और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन बैठकों में भाग लेकर स्थानीय यातायात समस्याओं पर चर्चा की और समाधान के प्रयास किए।
प्रोजेक्ट संगम की 21 बैठकों में मिले आठ सुझाव
प्रोजेक्ट संगम के तहत आयोजित 21 बैठकों में नागरिकों और बाजार संगठनों से 8 सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का समाधान कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और जाम मुक्त दिल्ली के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
New Delhi news

