नोएडा। सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में इस वर्ष भी श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति द्वारा श्रीरामलीला महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक चलेगा। यह जानकारी शुक्रवार को रामलीला स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने साझा की।
रोज शाम 7 बजे होगा मंचन
महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार 11 अक्टूबर से बुधवार 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रामलीला का मंचन होगा। मुरादाबाद की अनुभवी लीला मंडली “श्री जानकी कला मंच” के करीब 60 कलाकार संजीव कुमार के निर्देशन में ग्यारह दिनों तक लीला प्रस्तुत करेंगे। 11 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
जेन-जी को जोड़ने के लिए भजन जैमिंग
12 अक्टूबर को श्रीराम जन्म के अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक गगन राठौड़ और उनकी टीम भजन जैमिंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। समिति का मकसद इसके जरिए युवाओं, जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी को रामलीला से जोड़ना है, ताकि वे भगवान राम के चरित्र से प्रेरणा ले सकें।
15 अक्टूबर को निकलेगी राम बारात
गुरुवार 15 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर से श्रीराम बारात शोभायात्रा शुरू होगी, जो डीएम कार्यालय, सेक्टर 19 टेलीफोन एक्सचेंज, हरौला, सेक्टर 4, 5, 9, 10, 11, 12, 55, 57 तिराहा और लेबर चौक होते हुए रामलीला स्थल पहुंचेगी। यहां राजा जनक आतिशबाजी और बैंड की धुनों के बीच बारात का स्वागत करेंगे।
20-21 अक्टूबर को समापन कार्यक्रम
20 अक्टूबर शाम 5 बजे राम-रावण युद्ध के साथ रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा और विजयदशमी मनाई जाएगी। 21 अक्टूबर को राम राज्याभिषेक और भरत मिलाप के साथ महोत्सव का समापन होगा।
सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिस के अलावा निजी सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक, अग्निशमन उपकरण, तीन दर्जन सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और पांच स्क्रीन तैनात रहेंगी। मंच पर इस बार बड़ी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। फेलिक्स अस्पताल की टीम प्राथमिक उपचार, ब्लड प्रेशर व शुगर जांच की व्यवस्था देखेगी। दर्शकों के बैठने के लिए एक हजार सोफे और तीन हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी, साथ ही खाने-पीने के स्टॉल भी रहेंगे।
70 फुट के रावण का होगा दहन
चेयरमैन उमाशंकर गर्ग ने बताया कि विजयदशमी पर 70 फुट के रावण, 65 फुट के कुंभकरण और 60 फुट के मेघनाद के पुतले दहन किए जाएंगे। इसके साथ ही आतंकवाद, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न के प्रतीकात्मक पुतलों का भी दहन किया जाएगा।
कई गणमान्य रहेंगे मौजूद
महोत्सव में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष विमला बाथम, सांसद सतीश गौतम व सुरेंद्र सिंह नागर, एमएलसी नरेंद्र सिंह भाटी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनारायण गोयल सहित समिति के कई पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: बिहार के अररिया में दहेज के लिए 19 वर्षीय महिला की हत्या, शव जमीन में गाड़ दिया

