अररिया (बिहार), जिले में दहेज हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 19 वर्षीय महिला राजमणि कुमारी की हत्या कर उसके शव को जमीन में गाड़ दिया गया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को खोदकर निकाला है।
परिवार के अनुसार, राजमणि की शादी शंकर ऋषिदेव से करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। शादी के बाद पति दहेज की मांग को लेकर अक्सर झगड़ा करता था। परिवार का आरोप है कि मोटरसाइकिल, एक लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर राजमणि की हत्या कर दी गई। परिवार को गुरुवार को इस घटना की जानकारी मिली। इलाके में हंगामा मच गया। पुलिस को सूचना मिली कि महिला की हत्या करके शव को जमीन में दबा दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लगता है। करीब 60 घंटे बीत चुके थे, इसलिए शव सड़ने लगा था। पुलिस पोस्टमॉर्टम कराने की तैयारी में जुटी है ताकि मौत का सही कारण पता चल सके।

