यीडा बोर्ड बैठक में बड़े फैसले, मेडिकल डिवाइस पार्क से ताइवान सिटी तक कई परियोजनाओं को मंजूरी

YEIDA 92nd Board Meeting

मेडिकल डिवाइस पार्क, फार्मा क्लस्टर, यूनिवर्सिटी टाउनशिप और अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे को मिली हरी झंडी

YEIDA 92nd Board Meeting : ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 92वीं बोर्ड बैठक में औद्योगिक, मेडिकल, फार्मा, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकसित हो रहे क्षेत्र में निवेश और रोजगार बढ़ाने के साथ किसानों से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए गए।

YEIDA 92nd Board Meeting

बैठक में सेक्टर-13 और 14 में करीब 500 एकड़ भूमि पर मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। यहां मेडिकल उपकरणों के निर्माण, अनुसंधान और परीक्षण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्क में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मेडिकल डिवाइस टेस्टिंग सुविधा स्थापित करने की भी योजना है।

यीडा के सेक्टर-14 में करीब 480 एकड़ में यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ भूमि पर मंडी विकसित की जाएगी। सेक्टर-23डी में करीब 50 एकड़ में आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के साथ इसी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे के लिए भूमि चिन्हित करने का फैसला लिया गया।

YEIDA 92nd Board Meeting

ताइवान सिटी के लिए 300 एकड़ भूमि

सेक्टर-6 में ताइवान आधारित उद्योगों के लिए करीब 300 एकड़ भूमि आरक्षित करने का निर्णय लिया गया है। प्रस्तावित ताइवान सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी कंपनियों को आकर्षित करने के लिए औद्योगिक एवं कारोबारी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा सेक्टर-6 में करीब 100 से 125 एकड़ भूमि पर फार्मास्युटिकल फॉर्मूलेशन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करने की योजना को भी मंजूरी दी गई। यहां टैबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन, ओरल लिक्विड और अन्य दवाओं के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा।

टेस्टिंग सुविधाओं पर भी जोर

मेडिकल डिवाइस पार्क में इलेक्ट्रिकल सेफ्टी, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कम्पैटिबिलिटी, मैकेनिकल परफॉर्मेंस, सॉफ्टवेयर वैलिडेशन, स्टेरिलाइजेशन और पैकेजिंग वैलिडेशन जैसी परीक्षण सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसकी तकनीकी, वित्तीय और संस्थागत संभावनाओं की जांच के लिए टेक्निकल एक्सपर्ट कमेटी के गठन को मंजूरी दी गई।

किसानों की भूमि खरीद दरों पर फैसला

बैठक में किसानों की सहमति से भूमि खरीद की दरों के पुनर्निर्धारण का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के अधिसूचित क्षेत्रों में संशोधित दरों के आधार पर भूमि खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार भूमि की दर 4,300 रुपये से बढ़ाकर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर करने अथवा वैकल्पिक रूप से 4,037 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित करने का प्रावधान रखा गया है।

जल निकासी के लिए कल्वर्ट को मंजूरी

आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे की चेनज 161.21 पर सर्विस रोड के नीचे करवन नदी पर कल्वर्ट/माइनर ब्रिज बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बरसात में जलभराव के कारण प्रभावित होने वाले यातायात को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में यीडा की वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 जुलाई तक प्राधिकरण की प्राप्तियां करीब 1,853.74 करोड़ रुपये रहीं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की करीब 974.37 करोड़ रुपये की प्राप्तियों के मुकाबले लगभग 90.25 प्रतिशत अधिक हैं।

YEIDA 92nd Board Meeting

यहां से शेयर करें