खुर्जा तिहरे हत्याकांड: मुख्य आरोपी जीतू सैनी मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल

बुलंदशहर। खुर्जा के सुभाष मार्ग स्थित जिम पर 25 अप्रैल की रात हुए तिहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी जीतू सैनी बृहस्पतिवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। सिकंदरपुर गांव के पास हुई इस मुठभेड़ में उसे दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में पहले जटिया अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक भी घायल हुए, जिन्हें जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इससे पहले बुधवार को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात करीब 11 बजे जीटी रोड से 50-50 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों — रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश और भारत सैनी — को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में रिंकू के दाएं और भारत के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने इनके पास से घटनास्थल के सीसीटीवी की डीवीआर, एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए।

सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल की रात जिम पर जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में तीन युवकों की हत्या की गई थी। तीन आरोपी पूर्व में जेल जा चुके हैं और शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जीतू सैनी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: एक तरफ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की चमक, दूसरी तरफ नोएडा के उद्योगों में तनाव; छावनी में तब्दील हुई औद्योगिक राजधानी!

यहां से शेयर करें