पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की शाहदरा जिला स्पेशल स्टाफ ने फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र और मार्कशीट तैयार कर बेचने वाले एक संगठित गिरोह का पदार्फाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अब तक करीब 100 से 150 फर्जी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट व सर्टिफिकेट बेच चुके हैं। प्रत्येक फर्जी दस्तावेज के बदले वे 5 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूलते थे। पुलिस ने लोगों से ऐसे फर्जी दस्तावेज बनवाने या खरीदने से बचने की अपील की है।
डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 30 जून 2026 को स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि शाहदरा निवासी नवनीत त्यागी फर्जी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट तैयार कर सप्लाई करता है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों सबाब आलम और फरीद अहमद सैफी के नाम बताए। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक लैपटॉप, प्रिंटर और फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि गिरोह ‘ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान’ के समाप्त पंजीकरण का दुरुपयोग कर पुराने (बैकडेट) सर्टिफिकेट और मार्कशीट तैयार करता था, ताकि उन्हें असली दस्तावेज जैसा दिखाया जा सके। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे वर्षों से इस तरीके से लोगों को फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र उपलब्ध करा रहे थे।
फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के बड़े नेटवर्क पर चोट
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 53 वर्षीय नवनीत त्यागी (ईस्ट रोहताश नगर, शाहदरा), 41 वर्षीय सबाब आलम (राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद) और 49 वर्षीय फरीद अहमद सैफी (विजय पार्क, मौजपुर) के रूप में हुई है। डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा कि इस कार्रवाई से फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के बड़े नेटवर्क पर चोट पहुंची है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किन-किन नौकरियों, प्रवेश प्रक्रियाओं या अन्य कार्यों में किया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग और ग्राहक कौन-कौन हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी नौकरी, एडमिशन या अन्य लाभ के लिए फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों का सहारा न लें। ऐसे दस्तावेज बनवाना और उनका इस्तेमाल करना गंभीर अपराध है, जिसके लिए कानूनी कार्रवाई और सजा का प्रावधान है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें