96 घंटे में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 19 गिरफ्तार

Delhi news  वेस्ट जिला पुलिस ने नशे के कारोबार और उसकी सप्लाई चेन पर शिकंजा कसते हुए 96 घंटे के विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में छह विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 17 मामले दर्ज किए गए और करीब पांच करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 13 विशेष टीमों को मैदान में उतारा गया था। टीमों ने खुफिया सूचनाओं को विकसित करने के साथ तकनीकी निगरानी और लक्षित छापेमारी के जरिए संदिग्धों पर कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई में 44 किलो गांजा, 470.92 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 494 ग्राम अफीम, 168.5 ग्राम एमडी, 31.49 ग्राम एमडीएमए और 9.58 ग्राम कोकीन बरामद हुई। नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले तीन स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया।

*आठ मामले व्यावसायिक मात्रा से जुड़े*

अभियान के दौरान दर्ज 17 मामलों में आठ मामले व्यावसायिक मात्रा और नौ मामले इंटरमीडिएट मात्रा से संबंधित पाए गए। बड़ी मात्रा में अलग-अलग प्रकार के मादक पदार्थों की बरामदगी से पुलिस ने नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क पर व्यापक कार्रवाई का संकेत दिया है।

*सप्लायर से लेकर वित्तीय नेटवर्क तक जांच*

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की कड़ियां खंगाल रही है। जांच में आरोपियों के सप्लायर, स्थानीय एवं अंतरराज्यीय नेटवर्क, मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य सहयोगियों की भूमिका पर भी फोकस किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान सामने आई जानकारियों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Delhi news

यहां से शेयर करें