Delhi news शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए दिल्ली और बिहार के बोधगया से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जांच के दौरान ?500 के 187 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी अंकित कीमत ?93,500 है। जांच में इस नेटवर्क की कड़ियां दिल्ली से बिहार, झारखंड और मालदा, पश्चिम बंगाल तक जुड़ी होने का पता चला है।
*बैंक में नकली नोट मिलने से खुली नेटवर्क की परतें*
22 अगस्त को गांधी नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की महिला कॉलोनी शाखा में जमा कराई गई रकम में ?500 के 18 नकली नोट मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जांच में सामने आया कि गांधी नगर निवासी नफीस अहमद की दुकान पर दानिश नामक व्यक्ति ने करीब ?17,200 के कपड़े खरीदे थे और नकद भुगतान किया था। बैंक में रकम जमा होने के बाद नकली नोटों का पता चला। अगले दिन दानिश के गांधी नगर बाजार में दोबारा दिखाई देने पर पुलिस ने सीसीटीवी और स्थानीय सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
*झारखंड के सप्लायर तक पहुंची जांच*
पूछताछ में दानिश ने कथित तौर पर झारखंड के चतरा क्षेत्र में रहने वाले मोहम्मद मेराज उर्फ गुड्डू से नकली नोट लेने की जानकारी दी। पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर बोधगया पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मेराज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके बैग से ?500 के 169 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी कीमत ?84,500 है। बैंक में मिले 18 नोटों को मिलाकर कुल बरामदगी 187 नकली नोटों की हो गई।
*मालदा तक फैली सप्लाई चेन*
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मेराज उर्फ गुड्डू ने दावा किया कि उसने नकली नोट मालदा के कलिया चौक क्षेत्र में सक्रिय बताए जा रहे ह्यमामा उर्फ छोटूह्ण और ह्यभैया जीह्ण से हासिल किए थे। उसने करीब ?1.50 लाख के नकली नोट ?60 हजार में खरीदने की बात भी बताई है। पुलिस इन जानकारियों का सत्यापन कर रही है।
*छोटी खरीदारी के जरिए चलाते थे नकली नोट*
जांच के अनुसार, दानिश कथित तौर पर नकली नोटों से गांधी नगर बाजार की अलग-अलग दुकानों पर छोटी-छोटी खरीदारी करता था। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से नकली मुद्रा से संबंधित डिजिटल साक्ष्य और दानिश की निशानदेही पर खरीदारी के बिल भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि नकली नोटों की पूरी सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।
*दोनों आरोपियों की भूमिका*
35 वर्षीय मोहम्मद दानिश, निवासी गया, पर नकली नोट हासिल कर गांधी नगर बाजार में चलाने का आरोप है। वहीं 36 वर्षीय मोहम्मद मेराज उर्फ गुड्डू, निवासी चतरा, कथित तौर पर नकली नोटों की आपूर्ति से जुड़ा था। पुलिस के मुताबिक मेराज के खिलाफ गया के रामपुर थाने में पहले भी दो मामले दर्ज हैं।
Delhi news

