नोएडा सेक्टर 105-108, अवैध अतिक्रमण, खुली दुकानें, पुलिस सत्यापन की मांग तेज

नोएडा। सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने सेक्टर 105 और 108 में बढ़ते अतिक्रमण, सुरक्षा खामियों और नागरिक समस्याओं को लेकर प्रशासन व पुलिस का ध्यान आकर्षित करते हुए एक विस्तृत पत्र जारी किया है। उन्होंने बताया कि सेक्टरों के मुख्य प्रवेश द्वारों के बाहर अवैध ठेले, रेहड़ी-पटरी और दुकानें सुबह से देर रात तक सजी रहती हैं, जिससे कमर्शियल वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शों का भारी जमावड़ा लगा रहता है। इसी भीड़भाड़ की आड़ में अज्ञात और असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है, जो निवासियों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गई है।

कृष्णात्रेय ने बताया कि पड़ोसी सेक्टर 108 के अध्यक्ष दिगंबर चौधरी भी इसी तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं और पिछले दो महीनों से फोनरवा ग्रुप में लगातार शिकायत दर्ज करा रहे हैं।

निर्माण स्थलों पर सड़क-नाली अतिक्रमण

पत्र में कहा गया है कि सेक्टर के भीतर निर्माणाधीन भवनों के आसपास कई बिल्डरों ने सड़कों और नालियों पर अवैध कब्जा कर लिया है। कई जगह आधी से ज्यादा सड़क पर रोड़ी, बजरी, सीमेंट और सरिया फैला हुआ है, जबकि निर्माण स्थलों के इर्द-गिर्द अवैध झुग्गियां बन जाने से नालियां अवरुद्ध हो गई हैं। इससे जलभराव और आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है, जिसकी शिकायतें आरडब्ल्यूए को लगातार मिल रही हैं।

कमर्शियल मार्केट की खुली दुकानों पर सवाल

सेक्टर 105 स्थित नोएडा प्राधिकरण की कमर्शियल मार्केट को लेकर भी गंभीर आपत्तियां सामने आई हैं। आरडब्ल्यूए के अनुसार अधिकांश गैर-आवंटित दुकानों के शटर खुले रहते हैं, जहां दिनभर अज्ञात लोगों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन इसका कोई रिकॉर्ड नहीं रखा जाता। निवासियों के दबाव में आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से इन अनआवंटित दुकानों में तुरंत ताले लगवाने की मांग की है।

बाहरी मजदूरों के पुलिस सत्यापन की मांग

सबसे संवेदनशील मुद्दा बताते हुए अध्यक्ष ने कहा कि दोनों सेक्टरों के जर्जर कंप्लीशन हाउसों और निर्माण स्थलों पर बड़ी संख्या में बाहरी श्रमिक व संदिग्ध लोग रह रहे हैं, जिनका कोई रिकॉर्ड आरडब्ल्यूए के पास नहीं है। भविष्य में किसी आपराधिक घटना की आशंका को देखते हुए सभी किरायेदारों और श्रमिकों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराने की मांग की गई है।

सर्विस रोड पर सफाई व्यवस्था ठप

सेक्टरों के बाहर मुख्य सर्विस रोडों पर नियमित सफाई न होने से गंदगी का अंबार लगा है। आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग से तुरंत संज्ञान लेने की अपील की है।

पुलिस कमिश्नर संग बैठक के बावजूद संपर्क नहीं

अध्यक्ष ने याद दिलाया कि फोनरवा और पुलिस कमिश्नर के बीच हुई बैठक में डीसीपी व एसीपी को आरडब्ल्यूए से निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक सेक्टर 105 के निवासियों के साथ पुलिस के उच्चाधिकारियों की कोई बैठक नहीं हो पाई है।

आरडब्ल्यूए की प्रमुख मांगें:

प्रवेश द्वारों से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए
खुली/अनआवंटित दुकानों को बंद व सील किया जाए
सड़कों पर फैले निर्माण सामग्री को हटाया जाए
बाहरी सर्विस रोडों की नियमित सफाई हो
किरायेदारों व श्रमिकों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन हो
डीसीपी, एसीपी व पुलिस बल की माह में कम से कम एक बार पैदल गश्त सुनिश्चित हो। अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जनहित में इन मांगों पर शीघ्र और सकारात्मक कार्रवाई करेंगे।

यह भी पढ़ें: नकली नोटों के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़

यहां से शेयर करें