New Delhi news द्वारका जिला पुलिस ने घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोरी के मामले में वर्षों से फरार चल रहे घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड आॅफेंडर) समीर खान उर्फ हबीब उर्फ नईम (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2014 में उत्तम नगर थाने में दर्ज चोरी के मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इसके चलते द्वारका कोर्ट ने 28 फरवरी 2023 को उसे घोषित अपराधी करार दिया था।
द्वारका जिले की एंटी-जेल बेल एवं प्रोक्लेम्ड आॅफेंडर्स सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी गुजरात से दिल्ली आया है और कश्मीरी गेट स्थित आजाद मार्केट में किसी से मिलने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के मामले में सजा के डर से वह करीब छह-सात वर्ष पहले गुजरात भाग गया था, जहां वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। उसने खुलासा किया कि गुजरात एटीएस द्वारा 145.07 किलोग्राम हेरोइन (करीब 600 करोड़ रुपये मूल्य) बरामदगी के मामले में भी वह आरोपी है। इस मामले में वह करीब साढ़े चार वर्ष तक साबरमती जेल में बंद रहा था। उसने पुलिस को बताया कि वह एक परिचित से मिलने के लिए दिल्ली आया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी, अवैध हथियार, हत्या के प्रयास, पॉक्सो और एनडीपीएस अधिनियम सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
New Delhi news

