गुजरात के अंकलेश्वर में मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

New Delhi news  राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के अंकलेश्वर में मेफेड्रोन बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। डीआईआई ने मौके से 21 लाख रुपये भी बरामद किए हैं।
वित्त मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि एक बड़े अभियान में डीआरआई के अधिकारियों ने अंकलेश्वर में एक आवासीय परिसर से संचालित हो रही एक गुप्त मेफेड्रोन निर्माण फैक्टरी का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। इस दौरान मादक पदार्थों के निर्माण और तस्करी नेटवर्क में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मंत्रालय के मुताबिक खुफिया जानकारी पर आधारित इस अभियान में डीआरआई अधिकारियों ने एक अत्याधुनिक निर्माण उपकरणों से सुसज्जित कार्यरत प्रयोगशाला का पता लगाया, जिसमें एक औद्योगिक ओवन ड्रायर, हॉट प्लेट हीटर, कंडेंसर असेंबली, इलेक्ट्रिक स्टिरर और मेफेड्रोन के गुप्त निर्माण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य प्रयोगशाला उपकरण शामिल थे।
टोल्यून और मिश्रित अम्लों वाले दो कंटेनर बरामद
वित्त मंत्रालय के मुताबिक डीआरआई के अधिकारियों की तलाशी के बाद 1.349 किलोग्राम मेफेड्रोन ठोस रूप में, 6.825 किलो 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपियोफेनोन और 120 लीटर मोनोमिथाइलमाइन के साथ 60 किलो हाइड्रोब्रोमिक एसिड, 40 लीटर टोल्यून और मिश्रित अम्लों वाले दो कंटेनर बरामद किए गए, जिन्हें नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस अधिनियम 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया।

New Delhi news

यहां से शेयर करें