New Delhi news दिल्ली पुलिस की मॉरिस नगर थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैच किया गया एप्पल आईफोन-13, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा घटना के समय पहने गए कपड़े और जूते बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से दो स्नैचिंग और एक वाहन चोरी के मामले का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 14 जून की सुबह करीब 5:50 बजे यूपीएससी की तैयारी कर रहे बिहार निवासी रितिक अपने मित्र से मिलकर मालका गंज से लक्ष्मी नगर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और उनका एप्पल आईफोन-13 छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मॉरिस नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएचओ इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ओबेरॉय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों बदमाश स्पष्ट दिखाई दिए। उनकी तस्वीरें मुखबिरों और स्थानीय खुफिया तंत्र के जरिए साझा की गईं, जिसके बाद उनकी पहचान ऋषि और एक किशोर (सीसीएल) के रूप में हुई।
20 जून को सूचना मिली कि दोनों किशनगंज इलाके में मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं। पुलिस ने माल गोदाम लेन के पास घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता का एप्पल आईफोन-13 बरामद कर लिया। साथ ही जिस हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदात में किया गया था, वह भी बरामद हुई। जांच में पता चला कि यह बाइक पहले ही प्रसाद नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले छह महीने से स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने करोल बाग के बापा नगर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने और उसी बाइक से मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें करने की बात कबूल की। मुख्य आरोपी ऋषि ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने एक अन्य साथी राहुल के साथ मिलकर नॉर्थ कैंपस स्थित लॉ सेंटर के पास भी मोबाइल स्नैचिंग की थी, जिसके संबंध में मॉरिस नगर थाने में एक अन्य मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी ऋषि गोकुलपुरी का रहने वाला है। वह स्कूल छोड़ चुका है और नशे व शराब का आदी बताया गया है। उसके खिलाफ पहले भी सराय रोहिल्ला थाने में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है। दूसरा आरोपी किशोर है, इसलिए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई।
New Delhi news

