21 वर्षों से बस अड्डों पर बाहर से आए यात्रियों को बनाता था निशाना
New Delhi news उत्तर जिला पुलिस की कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने बस अड्डों पर बाहर से आने वाले यात्रियों को नशीला पेय पिलाकर लूटने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्रियों से दोस्ती कर उन्हें फ्रूटी में नशीली दवा मिलाकर पिलाता था और बेहोश होने के बाद उनके कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से नशीली गोलियों से भरी फ्रूटी, 30 लोराजेपाम टैबलेट, चोरी का पर्स, कलाई घड़ी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुंबई निवासी दीपक धिल्लोड ने 5 जून को आॅनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मई को कश्मीरी गेट आईएसबीटी से सोनीपत जाने के दौरान एक अज्ञात युवक ने दोस्ती कर उन्हें फ्रूटी पीने के लिए दी। फ्रूटी पीते ही वह बेहोश हो गए और होश आने पर उनकी दो सोने की चेन, कलाई घड़ी, नकदी व दस्तावेजों से भरा पर्स गायब मिला।
एफआरएस तकनीक से हुई पहचान
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आईएसबीटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तस्वीर तैयार कर उसे फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) के जरिए जांचा गया, जिससे उसकी पहचान फिलिप उर्फ विक्की (35) निवासी संत नगर, बुराड़ी के रूप में हुई। बाद में मुखबिर की सूचना पर 19 जून को आईएसबीटी क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कमरे से मिला चोरी का सामान और नशीली दवाएं
पूछताछ के बाद पुलिस ने स्वरूप नगर स्थित आरोपी के किराये के कमरे से नशीली गोलियों वाली एक फ्रूटी टेट्रा पैक, दो सामान्य फ्रूटी पैक, एक खाली पैक, लोराजेपाम (एटिवान 2 एमजी) की 30 गोलियां, शिकायतकर्ता का पर्स, एक गुआनकिन कलाई घड़ी तथा वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए।
21 साल से करता था ऐसी वारदातें
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस अड्डों पर दूसरे राज्यों से आने वाले भोले-भाले यात्रियों को निशाना बनाता था। पहले उनसे दोस्ती करता, फिर नशीली दवा मिली कोल्ड ड्रिंक या फ्रूटी पिलाकर बेहोश कर देता और उनके कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 21 वर्षों से इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था और दिल्ली के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ इस तरह के चार मामले पहले से दर्ज हैं।
New Delhi news

