28 मुकदमों के कुख्यात स्नैचर सहित ATM में फेवीक्विक डालकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार; दो बदमाश गोली लगने से घायल, एक फरार की तलाश जारी
ग्रेटर नोएडा में पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: ATM धोखाधड़ी से कैसे बचें, पुलिस की अपील, इस गिरोह के पर्दाफाश के बाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि, ATM में कार्ड डालने से पहले कार्ड स्लॉट की जांच अवश्य करें, किसी अनजान व्यक्ति को अपना PIN नंबर कभी न बताएं, ATM में कोई समस्या होने पर केवल बैंक के आधिकारिक टोल-फ्री नंबर पर ही कॉल करें, संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार की रात से रविवार की सुबह के बीच अपराधियों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक ही रात में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ें कीं और कुल चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। दिल्ली-एनसीआर और गौतमबुद्धनगर जिले में राहगीरों से हथियार के बल पर चेन व मोबाइल छीनने वाले गिरोह के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने यह बड़ी कामयाबी हासिल की। बिसरख कोतवाली पुलिस ने एटीएम मशीनों में गड़बड़ी कर लोगों के खाते से रुपये निकालने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। दोनों मुठभेड़ों में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक-एक बदमाश के पैर में गोली लगी।
थाना बीटा-2: 28 मुकदमों का कुख्यात चेन स्नैचर गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुलिस और शातिर चेन स्नैचरों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। हालांकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घायल बदमाश की पहचान राजेंद्र उर्फ लल्लू उर्फ लीलू के रूप में हुई, जो गोरखपुर का मूल निवासी बताया जाता है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और उसका साथी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर अवैध हथियारों के बल पर चेन और मोबाइल फोन लूटने की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार दोनों ने 1 जून को गांव नवादा में एक व्यक्ति से सोने की चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल, लूटी गई सोने की चेन तथा तीन स्नैच किए गए मोबाइल फोन बरामद किए। इस खूंखार लुटेरे पर लूट, चोरी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित 28 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं।
दूसरी मुठभेड़ — थाना बिसरख: ATM फेवीक्विक गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
एटीएम मशीनों में तकनीकी छेड़छाड़ कर मासूम बैंक उपभोक्ताओं के खातों से रकम उड़ाने वाले एक बेहद शातिर और अनोखे ठग गिरोह का थाना बिसरख पुलिस ने मुठभेड़ के बाद भंडाफोड़ किया। शनिवार को एसकेएस तिराहे के पास हुई इस पुलिस मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी और कॉम्बिंग अभियान चलाकर मौके से ही दबोच लिया।
गिरोह का अनोखा और ख़तरनाक तरीका
आरोपी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एटीएम मशीनों पर जाकर कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक डाल देते थे। इसके बाद मशीन पर एक पर्ची चिपकाकर अपना मोबाइल नंबर हेल्पलाइन नंबर के रूप में लिख देते थे। जब कोई ग्राहक कार्ड फंसने पर उस नंबर पर कॉल करता, तो गिरोह के सदस्य “मदद” के बहाने पहुंचकर उसका पासवर्ड देख लेते और बाद में खाते से पैसे निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर बाइक, पेचकस, प्लास, एल्फी के दो पैकेट और 7,320 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस की रणनीति और आगे की कार्रवाई
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग और एंटी-क्राइम अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में घायल बदमाशों को तत्काल अस्पताल भेजा गया और उनके इलाज की व्यवस्था की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ जारी है ताकि उनके गिरोह के अन्य सदस्यों और पिछली वारदातों का पर्दाफाश हो सके। बीटा-2 मुठभेड़ में फरार हुए बदमाश की तलाश के लिए कई टीमें सक्रिय हैं।
यह भी पढ़ें: हिंदू-मुसलमान में जानता को उलझा दिया, फिर एक बार सिलेंडर का दाम आधी रात में बढ़ा दिया

