ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा में सफर कर रही एक युवती से उसका नया आईफोन 18 प्रो छीन लिया। यह वारदात एक मूर्ति गोलचक्कर के पास हुई।
कैसे हुई वारदात
सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहने वाली शुभी भंडारी सोमवार सुबह ऑफिस के लिए निकली थीं। वह ई-रिक्शा में सवार थीं। एक मूर्ति गोलचक्कर के पास ई-रिक्शा का ऑनलाइन किराया चुकाने के लिए उन्होंने अपना मोबाइल फोन निकाला। इसी दौरान पीछे से हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक उनके पास आए। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने पहले पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और फिर मोबाइल की ओर इशारा करते हुए पूछा कि क्या यह नया आईफोन है। उनके हां कहते ही बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और बाइक से फरार हो गए।
तीन दिन पहले ही खरीदा था फोन
पीड़िता के पति साकेत गुप्ता के अनुसार, उनकी पत्नी ने यह आईफोन 18 प्रो केवल तीन दिन पहले ही खरीदा था। घटना के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि सुबह के समय प्रमुख सड़कों पर पुलिस गश्त कम रहती है, जिससे इलाके में इस तरह की वारदातों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है।
पुलिस की कार्रवाई
बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

