गाज़ियाबाद के खोड़ा में बकरीद के दिन 11वीं के छात्र सूर्या प्रताप चौहान की हत्या और उसके बाद मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर ने पूरे उत्तर प्रदेश को झकझोर दिया। इस हत्याकांड के बाद गाज़ियाबाद पुलिस और प्रशासन ने खोड़ा समेत पूरे देहात क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है, जिसके तहत तीन दिनों में 17,174 अपराधियों का सत्यापन किया जाएगा।
‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत अपराधियों के सत्यापन के लिए साहिबाबाद थाने पर बुलाया गया, जहाँ करीब 150 ऐसे लोग जो आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं या जेल जा चुके हैं, वे हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर थाने में खड़े दिखे — जिन पर लिखा था “हमें माफ करो, हम कभी क्राइम नहीं करेंगे।” इस अभियान में पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीमें और डॉग स्क्वायड भी शामिल रहे। ड्रोन की सहायता से इलाके का भौतिक सत्यापन और सर्वेक्षण भी किया जा रहा है। खोड़ा में अभियान पूरा होने के बाद इंदिरापुरम, साहिबाबाद, कौशांबी, शालीमार गार्डन, लिंक रोड और टीलामोड़ क्षेत्रों में भी इसी प्रकार का सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह कैसी दोस्ती है जिसमें किसी को दावत पर बुलाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया जाता है।”

