New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता समर कैंप-2026 के दूसरे बैच का मंगलवार को चार अलग-अलग स्थानों पर शुभारंभ किया गया। यह पांच दिवसीय कैंप सोमवार से शुक्रवार तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक केंद्र पर लगभग 200 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
समर कैंप का आयोजन हरकोर्ट बटलर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मंदिर मार्ग तथा ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क बाल भवन, पंजाबी बाग और रोशनआरा बाग में किया गया। उद्घाटन समारोह में ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कैंप को गर्मी की छुट्टियों के दौरान शिक्षा, मनोरंजन, शारीरिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास का समन्वित मंच बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कैंप में सड़क सुरक्षा ड्रिल, बोर्ड गेम, नुक्कड़ नाटक, कहानी सत्र और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसके अलावा छात्रों के लिए आत्मरक्षा, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और सीपीआर, अग्नि सुरक्षा, साइबर जागरूकता तथा जेंडर संवेदनशीलता जैसे विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उनमें व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
यह समर कैंप प्रतिभागियों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क है। छात्रों को स्टेशनरी, उपहार सामग्री और दैनिक अल्पाहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
सभी प्रतिभागियों को वितरित किए जाएंगे प्रमाणपत्र
कैंप के दौरान पेंटिंग, क्विज और अन्य गतिविधियों में विजेता छात्रों को पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना है।



New Delhi news

