New Delhi news दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिला एएटीएस (आॅटो एंटी थेफ्ट स्क्वॉड) टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय लुटेरे एवं वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह चोरी के दोपहिया वाहन और पांच चोरी/झपटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से पूर्वी दिल्ली के कई वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मोटर वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नोएडा में मोबाइल झपटमारी की घटना में शामिल दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल पर न्यू अशोक नगर क्षेत्र में आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रणनीतिक जाल बिछाया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज उर्फ विनय उर्फ टिल्लू (35) और अनुराग उर्फ अंकित (35) के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार थे वह भी चोरी की थी। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर गढ़ौली स्थित गौशाला रोड के पास छिपाकर रखी गई चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोज गाजीपुर थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है और पिछले करीब 15 वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ लूट, झपटमारी और चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई से पूर्वी जिले के 11 वाहन चोरी, मोबाइल चोरी और झपटमारी मामलों के अलावा नोएडा के एक मोबाइल स्नैचिंग मामले का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और नेटवर्क की जांच कर रही है।
New Delhi news

