New Delhi news दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिला एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 195.56 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ?25 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएनएस टीम को सूचना मिली थी कि शाहजहांपुर निवासी सर्वेश गाजीपुर क्षेत्र में स्मैक की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गाजीपुर डंपिंग यार्ड के पास जाल बिछाकर सर्वेश को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी में 73.11 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान सर्वेश ने खुलासा किया कि वह बरेली निवासी अपने सप्लायर अबरार से स्मैक लेकर दिल्ली में साहिल नामक व्यक्ति को सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दिल्ली के जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास साहिल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 92.45 ग्राम स्मैक और एक यामाहा स्कूटी बरामद की गई।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने बरेली और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की और मुख्य सप्लायर अबरार को बरेली-बदायूं रोड के पास गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए दिल्ली-एनसीआर में संगठित तरीके से नशे का कारोबार चला रहे थे। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इस अवैध कारोबार की कड़ियों की जांच कर रही है।
New Delhi news

