अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, छह शातिर आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की मोती नगर थाना टीम ने एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 78,800 नकदी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को सुदर्शन पार्क स्थित के.टी. ट्रेडर्स के पास करीब 98 हजार नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी वारदात के बाद जांच को गुमराह करने के लिए अलग-अलग रास्तों और दो आॅटो रिक्शा का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बावजूद तकनीकी निगरानी और लगातार ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने सभी छह आरोपियों को पहाड़गंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं और विभिन्न राज्यों में चोरी व सेंधमारी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में नकदी या कीमती सामान लेकर चलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। गिरोह का एक सदस्य पीड़ित पर खुजली वाला पाउडर छिड़क देता था, जिससे व्यक्ति असहज हो जाता था। इसी दौरान अन्य साथी ध्यान भटकने का फायदा उठाकर नकदी या सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की अन्य मामलों में संलिप्तता और बाकी चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर आगे की जांच जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें