New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 80.670 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वर्ना कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई। मामले में एफआईआर संख्या 108/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 20/25/29 में क्राइम ब्रांच ने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सहायक उप निरीक्षक संदीप सिंह को सूचना मिली थी कि राजस्थान के भिवाड़ी से दिल्ली-एनसीआर में गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के बाद तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से पता चला कि आरोपी आजादपुर सब्जी मंडी क्षेत्र में गांजे की सप्लाई करने पहुंचेंगे।
इसके बाद निरीक्षक संजय कौशिक के नेतृत्व में गठित टीम ने आजादपुर सब्जी मंडी की सर्विस लेन पर जाल बिछाया। 2 मई 2026 को संदिग्ध हुंडई वर्ना कार को रोककर उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी निवासी लोकेश भारद्वाज (28) तथा राजस्थान के अलवर निवासी अख्तर खान (38) के रूप में हुई है।
कार की डिक्की से मिला गांजा
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से 80.670 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप ओडिशा के सेमिलिगुडा से भिवाड़ी लाई गई थी, जहां से इसे दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई किया जाना था।
पहले भी एनडीपीएस मामलों में शामिल रहे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि लोकेश भारद्वाज वर्ष 2025 में भी एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है और फरवरी 2026 में जमानत पर बाहर आया था। वहीं अख्तर खान पर राजस्थान और ओडिशा में कई एनडीपीएस मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, अख्तर खान ओडिशा के सप्लायरों और दिल्ली-एनसीआर के तस्करों के बीच कड़ी का काम करता था। वह सौदे तय करने, परिवहन की व्यवस्था करने और डिजिटल माध्यम से भुगतान कराने में सक्रिय भूमिका निभाता था।
फरार सप्लायर की तलाश जारी
पुलिस रिमांड के दौरान अख्तर खान को ओडिशा के सेमिलिगुडा ले जाया गया, जहां मुख्य सप्लायर मुख्तार अहमद की तलाश की गई, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
क्राइम ब्रांच अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।
New Delhi news

