New Delhi news नई दिल्ली जिला पुलिस की मोबाइल क्रैक टीमों ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। 1 से 10 सितंबर 2026 के बीच विभिन्न थाना क्षेत्रों और विशेष इकाइयों की टीमों ने तकनीकी निगरानी, तकनीकी विश्लेषण, फील्ड इंटेलिजेंस और लगातार प्रयासों के जरिए 44 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें से 40 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए, जबकि शेष चार मोबाइल का सत्यापन और स्वामित्व की पुष्टि की जा रही है।
पुलिस के अनुसार नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने सर्वाधिक 10 मोबाइल बरामद किए। इसके अलावा बाराखंभा रोड से 9, तिलक मार्ग से 7, मंदिर मार्ग से 6, संसद मार्ग से 4, कर्तव्य पथ और तुगलक रोड से 2-2 तथा कनॉट प्लेस, साउथ एवेन्यू और स्पेशल स्टाफ से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया। बरामद मोबाइल की पहचान और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें मालिकों को लौटाया जा रहा है।
अभियान की निगरानी संबंधित थाना प्रभारियों, इंस्पेक्टर/स्पेशल स्टाफ और एसीपी कनॉट प्लेस के स्तर पर की गई। पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और समन्वित फील्ड प्रयासों से मोबाइल बरामदगी अभियान को गति मिली है। मोबाइल फोन वापस मिलने से नागरिकों को राहत मिलने के साथ पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।



New Delhi news

