गाजियाबाद, दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के सेवा प्रकल्पों को समर्पित छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्व के सबसे बड़े महानाट्य ‘जाणता राजा’ के मंचन के तीसरे दिन पूर्व राष्ट्रपति डॉ. रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सनसिटी (एनएच-24) में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश में छत्रपति शिवाजी जैसे महापुरुष दिव्य प्रेम की दिव्यता से ही जन्म लेते हैं। ऐसे महापुरुष जिनके हृदय में छत्रपति शिवाजी महाराज जैसी करुणा और साहस हो, आज के युग में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम उसी दिव्यता के वाहक हैं। डॉ. आशीष गौतम आज के युग में दिव्य पुरुष हैं।
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कोविंद ने बताया कि वे दिव्य प्रेम सेवा मिशन के स्थापना काल से ही इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने डॉ. आशीष गौतम को स्वयं हरिद्वार के चंडीघाट में कुष्ठ रोगियों की मरहम-पट्टी करते और सेवा करते देखा है। डॉ. कोविंद ने गाजियाबाद में ‘जाणता राजा’ के सफल आयोजन के लिए डॉ. आशीष गौतम और मिशन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे इस कार्यक्रम को दिल्ली, मुंबई, आगरा और लखनऊ में कुल मिलाकर चार बार देख चुके हैं, लेकिन कभी मन नहीं भरता। जब भी डॉ. आशीष गौतम बुलाते हैं, वे ‘जाणता राजा’ के कार्यक्रम में जरूर पहुंचते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि जितनी बार भी ‘जाणता राजा’ देखने का मौका मिले, यह महानाट्य जरूर देखना चाहिए। डॉ. कोविंद ने अपने भाषण में दिव्य प्रेम सेवा मिशन और डॉ. आशीष गौतम के साथ जुड़ी पिछले 30 साल की जीवन यात्रा भी साझा की।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि हम सबको ‘जाणता राजा’ जैसी समृद्ध विरासत देने के लिए पद्मविभूषण स्वर्गीय बाबासाहेब पुरंदरे का आभारी होना चाहिए। बाबासाहेब पुरंदरे ने अपना पूरा जीवन छत्रपति शिवाजी महाराज को समर्पित कर दिया। उन्होंने अपने जीवनकाल में न सिर्फ शिवाजी महाराज से जुड़े सभी 300 किलों का भ्रमण किया, बल्कि इन पर शोध करके ‘जाणता राजा’ नाम का महानाट्य लिखा। लंदन, न्यूयॉर्क, दिल्ली, मुंबई समेत पूरी दुनिया में इसके 1200 से ज्यादा मंचन हो चुके हैं। गाजियाबाद में यह इसका 1225वां महामंचन है।
कार्यक्रम में पहुंचे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने दिव्य प्रेम सेवा मिशन से अपने जुड़ाव का जिक्र किया और कहा कि आज की पीढ़ी को ‘जाणता राजा’ देखकर छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
शनिवार को सनसिटी, गाजियाबाद में ‘जाणता राजा’ के दर्शकों ने संख्या के मामले में रिकॉर्ड तोड़ दिया। ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (GNIOT) और नोएडा-गाजियाबाद के कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राएं कार्यक्रम देखने पहुंचे। पूरे समय परिसर में ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के नारे गूंजते रहे। डॉ. आशीष गौतम ने जब मोबाइल टॉर्च से छत्रपति शिवाजी महाराज और मंच का स्वागत कराया तो पूरा परिसर जगमगा उठा। युवाओं ने सोशल मीडिया पर जमकर सहभागिता की, जिसके परिणामस्वरूप शनिवार शाम पूरे समय #कोविंद_जाणता_राजा और #dpsmjanataraja टॉप ट्रेंडिंग में रहे।
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कोविंद और मंचासीन अतिथियों का स्वागत ‘जाणता राजा’ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, महामंत्री दीपक शर्मा, संयोजक विनय चौधरी ने किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, यूपी के महाधिवक्ता डॉ. महेश चंद्र चतुर्वेदी, नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
पृष्ठभूमि:
दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के तत्वावधान में 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक गाजियाबाद के सनसिटी में ‘जाणता राजा’ का सजीव मंचन चल रहा है। यह सात दिवसीय आयोजन प्रतिदिन शाम करीब 4:30 बजे से लगभग चार घंटे तक प्रस्तुत किया जा रहा है। इसमें 250 से अधिक कलाकार, हाथी, घोड़े, ऊंट और ऐतिहासिक हथियारों के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन की प्रमुख घटनाओं को जीवंत किया जा रहा है। यह महानाट्य मिशन के सेवा कार्यों को समर्पित है और युवाओं में राष्ट्रचेतना तथा सांस्कृतिक गौरव जगाने का माध्यम बन रहा है।
यह भी पढ़ें: FAMU होमकमिंग के दौरान स्टेडियम के पास गोलीबारी में 12 घायल, इनमें 6 नाबालिग

