आपरेशन सजगह्ण में 72 घंटे की कार्रवाई, 39 गिरफ्तार

New Delhi news  अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने ह्यआॅपरेशन सजगह्ण के तहत 72 घंटे का सघन अभियान चलाकर 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अवैध बांग्लादेशी नागरिक, सेंधमार, लुटेरे, झपटमार, चोर, बाल अपराधी, घोषित बदमाश, जुआरी, शराब तस्कर और चाकूबाज शामिल हैं। अभियान के दौरान 16 मोबाइल फोन, करीब तीन लाख रुपये के कृत्रिम आभूषण, सोने की चेन व लॉकेट, 78,797 रुपये नकद, 73.18 ग्राम स्मैक, भारी मात्रा में अवैध शराब, चार अवैध चाकू और पांच दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इस दौरान चोरी और वाहन चोरी के 15 मामलों का भी खुलासा हुआ।

*चार अवैध बांग्लादेशी नागरिक पकड़े*

विदेशी प्रकोष्ठ ने आदर्श नगर थाना क्षेत्र से चार अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। उनके मोबाइल फोन में प्रतिबंधित आईएमओ एप और बांग्लादेशी पहचान संबंधी दस्तावेज मिले। सत्यापन के बाद सभी को एफआरआरओ के समक्ष पेश कर निर्वासन की कार्रवाई शुरू की गई।

*सेंधमारी के मामले कुछ घंटों में सुलझे*

आदर्श नगर पुलिस ने किराना दुकान में सेंधमारी के मामले में चार बाल अपराधियों को कुछ ही घंटों में पकड़कर 3,727 रुपये और चोरी की स्कूटी बरामद की। जहांगीरपुरी पुलिस ने मोबाइल दुकान में चोरी के मामले में साहिल (22) और एक बाल अपराधी को गिरफ्तार कर छह मोबाइल, 1,000 रुपये और सिक्कों से भरी गुल्लक बरामद की।

*लूट के दो मामले भी खुले*

महेंद्र पार्क पुलिस ने 24 घंटे के भीतर लूट के मामले में शाकिर (24) और एक बाल अपराधी को पकड़कर 48,300 रुपये की लूटी रकम, चोरी की स्कूटी और मोबाइल बरामद किया। वहीं मौर्य एन्क्लेव पुलिस ने लूट के मामले में पंकज, रवि पंवार, सचिन और दीपक उर्फ दीपु को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के मुताबिक रवि पांच और दीपक सात चोरी व लूट के मामलों में शामिल रहा है।

*सोने की चेन झपटने वाले गिरोह पर शिकंजा*

केशवपुरम पुलिस ने दिनदहाड़े सोने की चेन झपटने के मामले में दो झपटमारों और एक महिला रिसीवर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, सोने की चेन और लॉकेट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शेख कमरूल 45 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और घोषित बदमाश है।

*डिलीवरी एजेंट बनकर हड़पे तीन लाख के आभूषण*

एंटी-बर्गलरी सेल ने फ्लिपकार्ट डिलीवरी एजेंट बनकर करीब तीन लाख रुपये के कृत्रिम आभूषण हड़पने वाले कुनाल और आकिब को गिरफ्तार कर पूरी खेप बरामद कर ली। आरोपियों से 22 कृत्रिम हार सेट, तीन चूड़ियां, आठ जोड़ी बालियां, एक टीका और एक पोल्की/कलंगी बरामद हुई।

*73 ग्राम से ज्यादा स्मैक बरामद*

मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में तीन आरोपियों से कुल 73.18 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जहांगीरपुरी में तुषार से 36.54 ग्राम स्मैक और 3,140 रुपये, एक महिला से 35 ग्राम स्मैक तथा शालीमार बाग में एक बाल अपराधी से 1.64 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

*अवैध शराब की बड़ी खेपें पकड़ीं*

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में जहांगीरपुरी, केशवपुरम, भारत नगर और महेंद्र पार्क में कई आरोपी पकड़े गए। पुलिस ने सैकड़ों क्वार्टर, बोतलें और बीयर कैन बरामद किए। केशवपुरम पुलिस ने हरियाणा मार्का शराब से भरी होंडा अमेज कार पकड़ी, जिसमें 31 पेटियों में 1,100 क्वार्टर और 108 बोतलें थीं। भारत नगर से 300 और महेंद्र पार्क से 250 क्वार्टर शराब बरामद हुई।

*चाकू लेकर घूम रहे बदमाश गिरफ्तार*

शस्त्र अधिनियम के तहत केशवपुरम पुलिस ने सचिन को बटनदार चाकू और चार चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ा। विशेष स्टाफ ने छोटू को चाकू के साथ गिरफ्तार किया। महेंद्र पार्क पुलिस ने सक्रिय बदमाश हेमंत उर्फ धाकेलू को बटनदार चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। मुखर्जी नगर पुलिस ने 16 आपराधिक मामलों में शामिल संदीप उर्फ बाबू को भी अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया।

*सट्टा लिखते पकड़ा, 15 हजार नकद बरामद*

जुआ विरोधी कार्रवाई में पितमपुरा से विकास को सट्टा लिखते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 15,130 रुपये और सट्टा पर्चियां बरामद हुईं। संगम पार्क क्षेत्र में भी जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

*अपराध पर रोक के लिए जारी रहेगा अभियान*

उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, अभियान संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज विजय सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस ने गश्त, तकनीकी निगरानी, गुप्त सूचना और स्थानीय खुफिया तंत्र के जरिए कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर शिकंजा कसने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

New Delhi news

यहां से शेयर करें