ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा को लेकर दिल्ली-यूपी पुलिस में मंथन

New Delhi news  आगामी ब्रिक्स सम्मेलन-2026 के मद्देनजर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस कार्यालय परिसर, आईपी एक्सटेंशन में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक हुई। पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबेरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिल्ली के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और शाहदरा जिलों के अलावा नोएडा व गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

*सीमा पर 24 घंटे निगरानी*

बैठक में दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद की सीमाओं पर 24 घंटे संयुक्त जांच और निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अंतरराज्यीय अपराधियों और सुरक्षा संबंधी सूचनाओं को तत्काल साझा करने पर भी जोर दिया गया।

*होटल-पीजी की होगी जांच*

होटल, गेस्ट हाउस, पीजी, साइबर कैफे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किरायेदारों एवं कर्मचारियों के सत्यापन तथा सुरक्षा जांच को तेज करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया।

*ड्रोन पर भी रहेगी नजर*

सम्मेलन के दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य रिमोट संचालित उड़ने वाली वस्तुओं से संभावित खतरे को देखते हुए हवाई निगरानी बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई।

*ट्रैफिक डायवर्जन पर समन्वय*

दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद यातायात पुलिस के बीच प्रतिबंध, मार्ग परिवर्तन, सीमा जांच और वाहनों की सुगम आवाजाही को लेकर बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। वीआईपी एवं विदेशी प्रतिनिधियों के आवागमन के दौरान मार्ग प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।

*आपात स्थिति से निपटने की तैयारी*

बैठक में पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा मार्ग, गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की समीक्षा की गई। सभी संबंधित एसीपी और थाना प्रभारियों को अपने कर्मचारियों को ब्रीफ करने, हाई अलर्ट बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा सूचना पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

*तीनों राज्यों की एजेंसियां साथ*

बैठक में दिल्ली पुलिस के साथ नोएडा और गाजियाबाद पुलिस तथा संबंधित यातायात इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी रही। अधिकारियों ने सम्मेलन के दौरान सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय मजबूत रखने पर सहमति जताई।

New Delhi news

यहां से शेयर करें