New Delhi news दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला पुलिस ने “नो गन्स, नो गैंग्स” अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो लाख रुपये के इनामी और कुख्यात कॉन्ट्रैक्ट किलर रोहित लांबा उर्फ अमित उर्फ मोहित को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ वांछित आरोपी रितिक ठाकुर को भी दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान रोहित लांबा के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को नजफगढ़ थाने की टीम को सूचना मिली थी कि हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे एक दर्जन से अधिक मामलों में वांछित रोहित लांबा और उसका साथी रितिक ठाकुर शक्ति नगर एक्सटेंशन स्थित साईं बाबा मंदिर के पास छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह करीब छह बजे छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान रोहित लांबा ने बताया कि उसने अवैध हथियार ओल्ड ककरोला ड्रेन रोड, घासीपुरा के पास झाड़ियों में छिपा रखा है। बरामदगी के लिए पुलिस उसे मौके पर लेकर पहुंची। इसी दौरान उसने झाड़ियों से पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें रोहित लांबा के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं। मामले में नजफगढ़ थाने में शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
नजफगढ़ का कुख्यात अपराधी हैं रोहित लांबा
पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय रोहित लांबा नजफगढ़ क्षेत्र का कुख्यात अपराधी और कॉन्ट्रैक्ट किलर है। हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत कई गंभीर मामलों में उसकी तलाश थी तथा उसकी गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके साथी 21 वर्षीय रितिक ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
New Delhi news

