पत्नी समेत गोगी गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

पति से 50 लाख की रंगदारी वसूलने की साजिश का पर्दाफाश
New Delhi news दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक सनसनीखेज साजिश का खुलासा करते हुए दिल्ली के लक्ष्मी नगर के कारोबारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने और बाद में उसकी मां की हत्या तथा उस पर जानलेवा हमला कराने की योजना का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़े आरोपी रजत को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को लक्ष्मी नगर निवासी थोक कारोबारी को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल और संदेश मिले। कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम न देने पर पूरे परिवार की हत्या की धमकी दी। आरोपियों ने कारोबारी की दुकान और घर की तस्वीरें तथा लोकेशन भी भेजीं। शिकायत के आधार पर लक्ष्मी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसे बाद में जांच के लिए स्पेशल सेल की न्यू दिल्ली रेंज को सौंप दिया गया।
पुलिस जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत निवासी 29 वर्षीय रजत को 25 जून को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन की जांच में अमेरिका में बैठे रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति, पीड़ित की पत्नी सपना जैन और उसकी बहन के साथ हुई चैट मिलीं। पूछताछ में रजत ने खुलासा किया कि सपना जैन ने ही अपने पति से रंगदारी वसूलने, सास की हत्या कराने और पति पर हमला कराने की जिम्मेदारी उसे सौंपी थी। वह अपने पति की गतिविधियों की जानकारी भी रजत को उपलब्ध कराती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि कारोबारी और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आरोप है कि सास अपने बेटे का पक्ष लेती थी, जिससे नाराज होकर सपना जैन ने पूरी साजिश रची। उसने अपनी बहन के मित्र रजत के जरिए गोगी गैंग के नेटवर्क का इस्तेमाल कर पहले पति को डराकर रंगदारी वसूलने और बाद में परिवार पर हमला कराने की योजना बनाई।
तीन साल पहले अमेरिका में कर्मवीर पहलवान उर्फ मीता से हुई थी मुलाकात
स्पेशल सेल के अनुसार, रजत का संपर्क गोगी गैंग के कई सदस्यों से है, जिनमें जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई भी शामिल है। करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान अमेरिका में मौजूद कर्मवीर पहलवान उर्फ मीता से हुई थी, जिसके माध्यम से विदेश से धमकी भरे कॉल कराए गए। रजत के खिलाफ पहले से चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें साजिश से जुड़े अहम चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें