New Delhi news हापुड़ व नोएडा से बीते दिनों पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के एजेंट व गैंग्स्टर शहजाद भट्टी के दो गुर्गे को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़े जाने के बाद स्पेशल सेल ने अब भट्टी के इशारे पर काम करने वाले दो और गुर्गे को गिरफ्तार किया है।
ग्वालियर के रहने वाले दोनों गुर्गे शहजाद के कहने पर दिल्ली-एनसीआर में आतंकी हमले (गोलीबारी, ग्रेनेड हमला और टारगेट किलिंग) की साजिश रच रहे थे। इनमें राजवीर नाम के एक बदमाश के पास से सेमी आटोमैटिक पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों की इंटरनेट मीडिया के जरिये भर्ती हुई थी।
इससे पहले बीते नवंबर में भी सेल ने पंजाब के थाने पर ग्रेनेड हमला करने के आरोप में आइएसआइ व भट्टी के आतंकी माड्यूल से जुड़े तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। शहजाद का मकसद एनसीआर और पंजाब के क्लबों व बड़े व्यापारियों से रंगदारी वसूलना और दहशत फैलाना है
डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के मुताबिक गिरफ़्तार किए गए बदमाशों के नाम राजवीर व विवेक बंजारा है। एसीपी विवेक कुमार त्यागी व इंस्पेक्टर सुनील राजैन की टीम ने इन्हें दबोचा। सेल को जानकारी मिली कि दुबई में छिपा भट्टी भारत में मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर एनसीआर में ग्रेनेड हमला और टारगेट किलिंग को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। जांच के बाद विवेक बंजारा को पहले 16 अप्रैल को ग्वालियर से गिरफ़्तार कर लिया गया। पांच दिनों की रिमांड लेकर पूछताछ के बाद 18 अप्रैल को राजवीर को सराय काले खां से दबोच लिया गया। वह अपने हैंडलर भट्टी के निर्देश पर एनसीआर में एक प्रमुख होटल पर गोलीबारी करने की तैयारी कर रहा था। इनके पास से अवैध हथियार के अलावा दो मोबाइल बरामद किए गए जिनमें आपत्तिजनक वीडियो थे। जांच से पता चला कि राजवीर को इंटरनेट मीडिया के जरिये ‘राणा भाई’ नाम के एक शख्स ने भर्ती किया था, वह भट्टी का साथी है। बाद में राजवीर ने विवेक बंजारा को ‘राणा भाई’ और भट्टी से मिलवाया था।
मार्च में भट्टी ने राजवीर को निर्देश दिया कि वह किसी को अहमदाबाद हथियार लेने के लिए भेजे। राजवीर ने विवेक को अहमदाबाद भेजा हालांकि हथियारों की डिलीवरी नहीं हो पाई। भट्टी ने अहमदाबाद में विवेक के रुकने के लिए इंतजाम कराया था।
नौ अप्रैल को भट्टी के निर्देश पर, राजवीर और विवेक बंजारा अमृतसर गए और एक जगह से एक पिस्टल, 20 कारतूस और 20 हजार रुपये लिए। उक्त हथियार राजवीर को जीरकपुर, सास नगर के एक क्लब पर गोली चलाने के लिए दिया गया था। इस क्लब के मैनेजर को भट्टी की तरफ से रंगदारी की धमकियां मिली थीं।

New Delhi news

