Train Accident : प्रयागराज। दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर करछना के पास बुधवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ।
Train Accident :
जानकारी के अनुसार, पचदेवरा गांव के पास कालका एक्सप्रेस के लोको पायलट ने पटरी पर एक शव देखकर ट्रेन रोक दी थी और इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। ट्रेन रुकने के बाद उसमें सवार कुछ यात्री नीचे उतर गए। इसी दौरान चार युवक भी पटरी पर मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बीच दूसरी दिशा से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के आने की सूचना पर जब ट्रेन का हार्न बजा, तो पटरी पर मौजूद युवक घबराकर ट्रैक से हटने लगे। तभी दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले एक अन्य युवक की भी ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो चुकी थी।
हादसे में मरने वालों में तीन की पहचान हो चुकी है, जिनमें सिवान (बिहार) के बलिराम भगत (36), फिरोजाबाद के आकाश (19) और मीरजापुर के सुनील कुमार (20) शामिल हैं। दो मृतकों की पहचान अभी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कुछ यात्री लघुशंका के लिए उतरे थे, जबकि कुछ शव देखने के लिए ट्रैक पर आए थे। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पहला हादसा किस ट्रेन की चपेट में आने से हुआ। घटना की सूचना पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर, डीसीपी और जीआरपी अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। Uttar Pradesh News
एक युवक के साथ सफर कर रही उसकी मां हादसे के बाद रो-रोकर बेहाल हो गई। वह अपने बेटे को कोलकाता में शादी समारोह में शामिल होने के लिए लेकर जा रही थी।
Train Accident :

