Tragic Accident : मुरादाबाद/मूंढापांडे। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 6:15 बजे मनकरा मोड़ के पास हुआ, जब तेज रफ्तार कार ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी।
Tragic Accident :
मृतकों की पहचान नैनीताल बैंक के दिल्ली रीजन के रीजनल मैनेजर (आरएम) दयाल सिंह रावत (59), निजी कंपनी के इंजीनियर भुवन भंडारी (35), सीनियर अकाउंटेंट सुंदर सिंह (42) और अनिल नेगी के रूप में हुई है। वहीं कार चालक और योगा टीचर यशदीप पांडे गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी थे और नोएडा में नौकरी करते थे। चारों मृतकों ने ब्ला-ब्ला ऐप के जरिए यशदीप पांडे की कार में सीट बुक की थी और सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे हल्द्वानी से नोएडा के लिए रवाना हुए थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार मनकरा मोड़ के पास पहुंची, तभी लिंक मार्ग से अचानक ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे पर चढ़ा दी गई। सामने आए इस वाहन को देखकर चालक ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के चलते कार सीधे ट्रॉली में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के ढाबों और दुकानों से लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को मूंढापांडे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दयाल सिंह रावत, सुंदर सिंह और भुवन भंडारी को मृत घोषित कर दिया। बाद में अनिल नेगी को जिला अस्पताल में भी मृत घोषित कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल चालक यशदीप पांडे का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Tragic Accident :

