New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए राजधानी भर में बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया है। सड़क सुरक्षा सेल की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए छात्रों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 18 मई से 5 जून तक ह्लरोड सेफ्टी अवेयरनेस समर कैंप-2026ह्व शुरू किया है। यह कैंप बाबा खरक सिंह मार्ग, नेशनल बाल भवन, पंजाबी बाग और रोशनारा बाग स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्कों में आयोजित किया जा रहा है। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के रोजाना 650 से अधिक छात्र हिस्सा ले रहे हैं।
कैंप में छात्रों को ट्रैफिक ड्रिल, सड़क सुरक्षा आधारित खेल, नुक्कड़ नाटक, कहानी सत्र, सेल्फ डिफेंस, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, सीपीआर प्रशिक्षण, फायर सेफ्टी, साइबर जागरूकता और जेंडर संवेदनशीलता जैसे विषयों की जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्कूलों और एनसीसी कैंपों में भी विशेष कार्यशालाएं आयोजित कीं, जिनमें 450 छात्रों, 500 कैडेटों, शिक्षकों और अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।
व्यस्त चौराहों पर विशेष इंटरसेक्शन मैनेजमेंट कार्यक्रम भी चलाए गए, जिनके जरिए लेन अनुशासन, सुरक्षित पैदल पार मार्ग और यातायात प्रबंधन को लेकर करीब 7,100 लोगों को जागरूक किया गया।
वहीं आॅटो, ई-रिक्शा और डीटीसी बस चालकों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियम और यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों के लिए सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।



New Delhi news

