New Delhi news द्वारका जिला एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 446 ग्राम कमर्शियल मात्रा की हेरोइन और 52,830 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
यह कार्रवाई द्वारका जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम” के तहत की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इससे पहले इसी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था और उनके पास से 123 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पूजा उर्फ बरखा ने उत्तम नगर स्थित अपने मकान में बड़ी मात्रा में हेरोइन छिपाकर रखी है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च वारंट प्राप्त कर उत्तम नगर स्थित मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 323 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की गई। इस तरह मामले में कुल बरामदगी बढ़कर 446 ग्राम हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदिम, पूजा उर्फ बरखा और प्रेम देवी के रूप में हुई है। पूछताछ में पूजा ने खुलासा किया कि वह अपनी मां प्रेम देवी के साथ मिलकर हेरोइन की सप्लाई करती थी और यह मादक पदार्थ शोएब अख्तर नामक व्यक्ति से प्राप्त किया जाता था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस अब आरोपियों की संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही पूरे ड्रग सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने और अन्य अंतरराज्यीय आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
New Delhi news

