New Delhi news दिल्ली पुलिस अकादमी, झरोड़ा कलां में शुक्रवार को नवप्रशिक्षित सहायक उप निरीक्षक (रेडियो तकनीशियन) एवं कांस्टेबलों की पासिंग आउट एवं शपथ ग्रहण परेड का आयोजन किया गया। समारोह में 37 एएसआई (रेडियो टेक्नीशियन) और 48 कांस्टेबलों सहित कुल 85 प्रशिक्षुओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर दिल्ली पुलिस में सेवा देने की शपथ ली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अकादमी के उप निदेशक राजबीर सिंह रहे।
प्रशिक्षण के दौरान एएसआई (रेडियो टेक्नीशियन) को वायरलेस संचालन, संचार नेटवर्क स्थापना, उपकरणों की मरम्मत तथा आपात परिस्थितियों में अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित करने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। वहीं कांस्टेबलों को कानून व्यवस्था, अपराध विज्ञान, साइबर अपराध, फॉरेंसिक विज्ञान, दंगा नियंत्रण, आतंकवाद निरोधक उपायों, आपदा प्रबंधन तथा हथियार संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। एएसआई (रेडियो टेक.) वर्ग में नवीन कुमार ने आॅल राउंड बेस्ट ट्रॉफी और इंडोर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नीरज कुमार आउटडोर में अव्वल रहे। कांस्टेबल वर्ग में महिला प्रशिक्षु श्रुति मिश्रा ने आॅल राउंड बेस्ट, इंडोर और आउटडोर तीनों ट्रॉफियां अपने नाम कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
वायरलेस संचालन और कांस्टेबल बल दिल्ली पुलिस की रीढ़ हैं
उप निदेशक राजबीर सिंह ने कहा कि वायरलेस संचालन और कांस्टेबल बल दिल्ली पुलिस की रीढ़ हैं। किसी भी आपात स्थिति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में इनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और ईमानदारी व समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस मौके पर प्रशिक्षुओं के परिजन तथा दिल्ली पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




New Delhi news

